Deoghar News, Koderma News, Satgawan News, Kanwariya Accident, Kanwar Yatra, Sawan 2026, Bus Accident, Truck Accident, Road Accident, Jharkhand News, Deoghar Kanwariya, Koderma Accident, Baba Baidyanath, Rajgir News, Breaking News, Accident News, Jharkhand Police, Samachar Plus | झारखंड
झारखंड

देवघर से लौट रहे कांवरियों पर टूटा कहर, बस-ट्रक की टक्कर में 3 की मौत 15 घायल

कोडरमा के सतगावां में देवघर से राजगीर जा रही कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक बच्चे समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 कांवरिया गंभीर रूप से घायल हैं।

कोडरमा। सावन के पवित्र महीने में देवघर से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के बाद लौट रहे कांवरियों से भरी एक बस शुक्रवार की अहले सुबह हादसे का शिकार हो गई। सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन कांवरियों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले नेपाल से कांवरियों को लेकर एक बस देवघर पहुंची थी। बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ के दर्शन के बाद गुरुवार की रात बस राजगीर (बिहार) के लिए रवाना हुई थी।

शुक्रवार की अहले सुबह जब बस देवघर-नवादा मुख्य मार्ग पर पोखरडीहा मोड़ के पास पहुंची, तभी चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार कई कांवरिया अंदर ही फंस गए।

स्थानीय लोगों ने पहुंचकर शुरू किया राहत-बचाव कार्य

हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे कांवरियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी कांवरियों को बस से बाहर निकाला गया।

इसके बाद घायलों और बस में सवार अन्य यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवरियों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया।

बस में करीब 45 कांवरिया थे सवार

थाना प्रभारी बबलू सिंह के अनुसार, बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे। बस नेपाल से श्रद्धालुओं को लेकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर आई थी और दर्शन के बाद बासुकीनाथ से राजगीर के लिए रवाना हुई थी।

प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

एक बच्चे समेत तीन की मौत

हादसे में घायल 10 वर्षीय शिवम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायलों ने सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

हादसे में करीब 15 कांवरियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल कोडरमा में चल रहा है।

पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

You can share this post!

Comments

Leave Comments