बिहार न्यूज, पटना न्यूज, Bihar News, Patna News, Congress Protest, NSUI Protest, Samachar Plus | बिहार
बिहार

पटना में बेकाबू हुआ छात्र आंदोलन! बैरिकेडिंग तोड़ते ही पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार

पटना में छात्रों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस और NSUI का जोरदार प्रदर्शन हुआ। जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद इनकम टैक्स गोलंबर पर पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, इस दौरान झड़प भी हुई।

पटना। बिहार में छात्रों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस और NSUI का प्रदर्शन शुक्रवार को उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने इनकम टैक्स गोलंबर पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।

प्रदर्शनकारी कांग्रेस और NSUI के बैनर तले मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। प्रशासन ने जेपी गोलंबर और इनकम टैक्स गोलंबर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया था और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी।

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े प्रदर्शनकारी

जेपी गोलंबर के पास प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ते हुए इनकम टैक्स गोलंबर पहुंच गए। यहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।

इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति भी बनी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

इन पांच मांगों को लेकर प्रदर्शन

कांग्रेस और NSUI के प्रदर्शनकारी छात्रों की पांच प्रमुख मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हैं। इनमें—

  • बिहार में पेपर लीक पर रोक
  • युवाओं के लिए रोजगार
  • शिक्षा व्यवस्था में सुधार
  • भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर कार्रवाई
  • छात्र आंदोलनों के दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का विरोध

शामिल हैं।

पप्पू यादव और राजेश राम भी प्रदर्शन में शामिल

प्रदर्शन में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम भी शामिल हुए। पप्पू यादव ने कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। वहीं राजेश राम प्रदर्शनकारियों के साथ बैरिकेडिंग के पास बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

You can share this post!

Comments

Leave Comments