JPSC, JPSC News, JPSC Paper Leak, JPSC Scam, CID Raid, CID Investigation, Ranchi News, Jharkhand News, Dhanbad News, Bokaro News, Devghar News, Godda News, Ramgarh News, L Khyangte, JPSC Exam, Jharkhand Government, Breaking News, Competitive Exams, Jharkhand Updates, CID Action | झारखंड
झारखंड

JPSC मामले में CID का बड़ा एक्शन! रांची समेत 10 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने रांची, धनबाद, बोकारो, देवघर, गोड्डा और रामगढ़ समेत 10 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच में कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खंगाले गए।

रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने रांची, धनबाद, बोकारो, देवघर, गोड्डा, रामगढ़ समेत 10 से अधिक ठिकानों पर दबिश देकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

कई जिलों में एक साथ हुई कार्रवाई

सीआईडी सूत्रों के मुताबिक, जिन लोगों और ठिकानों पर छापेमारी की गई, उनका नाम अब तक की जांच के दौरान सामने आया है या उन पर परीक्षा प्रक्रिया से किसी न किसी रूप में जुड़े होने का संदेह है। टीमों ने छापेमारी के दौरान कई दस्तावेजों की जांच की, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगाला और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इन साक्ष्यों से जांच को नई दिशा मिल सकती है।

जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे

सीआईडी का मानना है कि छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेज और डिजिटल सबूत मामले की कड़ियों को जोड़ने में मदद करेंगे। एजेंसी अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण करेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और लोगों से पूछताछ हो सकती है और नई गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

पहले भी JPSC कार्यालय में हुई थी रेड

यह पहली बार नहीं है जब सीआईडी ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई की हो। इससे पहले एजेंसी ने रांची स्थित JPSC कार्यालय में भी छापेमारी की थी। जांच के दौरान आयोग से जुड़े कई दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की गई थी। इसके बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ाया गया।

अब तक 11 गिरफ्तार, पूर्व अध्यक्ष से फिर पूछताछ

अब तक इस मामले में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव और JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से भी कई दौर की पूछताछ हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें सोमवार को एक बार फिर पूछताछ के लिए सीआईडी कार्यालय बुलाया गया है।

छात्रों का आंदोलन भी जारी

इधर, JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन भी लगातार जारी है। रांची में छात्र कई दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और परीक्षा रद्द करने के साथ-साथ मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सीआईडी की यह ताजा कार्रवाई इस पूरे मामले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

You can share this post!

Comments

Leave Comments